You are currently viewing जन-गण-मन का सम्मान रहे

जन-गण-मन का सम्मान रहे

हम असि-मसि के संयोजन से, चित्र बनाया करते हैं।
मिला स्वेद में शोणित को, नवरंग सजाया करते हैं।
प्यार कपोतों से हमको,पर बाजों से परहेज नहीं।
भारत की नव तरुणाई को, होने देंगे निस्तेज नहीं।
हम इसकी रज में खेले हैं, हम इसीलिए अभिमानी हैं।
हम धन्य हुए हम गर्वित हैं, क्योंकि हम हिंदुस्तानी हैं।

धरती की पूरी परिधि पर, समवेत स्वरों में गर्जन हो।
पाताल व्योम के क्षितिजों तक, भारत का जय-जय वर्धन हो।
मन भाव विह्ल हो जन-जन का, जिस जगह तिरंगा फहराए।
श्रद्धा से नयन तरल होवें, हर शीश नमन में झुक जाए।
सीने पर स्व का भान दिखे, मस्तक पर गहरा ज्ञान दिखे ।
हम कहें हिन्द के वासी तो, आँखों में अखिल वितान दिखे।

हम रहें सदा मुस्कानों में, शत्रु के हिस्से रुदन पड़े।
अपनी देहरी पर दीप लिए, सृष्टि के सारे शगुन खड़े।
हम रहे हज़ारों साल खड़े, जब दौर चला तूफानों का।
अब विचलित कैसे कर देगा, इक झुण्ड हमें बेईमानो का।
हम रहे सीखते कण-कण से, पल-पल को हमने जीया है।
हमने जन मंगल करने को , शिव बन कर विष भी पीया है।

हर कठिन से हमने युद्ध किया, हर एक असम्भव जीता है।
सूरज के भाषा-भाषी हम, आचार संहिता गीता है।
हम रहे शीर्ष पर तब तब ही, जब जब भी हमने ठाना है।
हम मीर फकीर हैं एक तरफ, इक तरफ शिवा हैं राणा हैं।
हम दिव्य नहीं हैं दिनकर से, लेकिन छोटी सी चिंगारी हैं।
हम जहां खड़े हैं वहीं राष्ट्र की, अस्मत के एक पुजारी हैं।

दुनियां के कोने-कोने में, जा बसा देश का वंश कहे।
हर मेहनत कश मतवाले के, दिल में भारत का अंश कहे।
सुबहा का भगवा यही कहे, संझा की लाली यही कहे।
खिल धूप-छाँव के रंग कहें, पूनम उजियाली यही कहे।
हर संस्कार-सत्कार कहे, हर आंगन-देहरी-द्वार कहे।
हर गाँव-शहर-परिवार कहे,
पीढ़ी-दर-पीढ़ी प्यार कहे।

हम रहें हमारा देश रहे, हर युग में यह परिवेश रहे।
हम हैं अशेष-हम हैं विशेष, हमने विद्युत् सा आवेश रहे।
घट-घट में अमृत भरा रहे, यह अमृत मयी पहचान रहे।
इस सोन चिरैया के पंखों में, अनाथकी अबूझ उड़ान रहे।
चढ़ रहे तिरंगे का जलवा, जन-गण-मन का सम्मान रहे।
जब तक धरती पर जल हवा रहे, भारत माता का यशगान रहे।

– चौ. मदन मोहन समर